जम्मू (ग्रामीण) पुलिस के लिए बड़ी सफलता; दोमाना में तीन ड्रग तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 29 मार्च (हि.स.)। नशीली दवाओं की तस्करी और मादक द्रव्यों के सेवन के खिलाफ अपनी निरंतर कार्रवाई जारी रखते हुए जम्मू (ग्रामीण) पुलिस ने तीन ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर और 7.21 ग्राम हेरोइन जैसा प्रतिबंधित पदार्थ बरामद करके एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। विशिष्ट सूचना पर पुलिस स्टेशन डोमाना की एक पुलिस टीम ने एसएचो डोमाना के नेतृत्व में मुथी डोमाना में एक त्वरित अभियान चलाया और तीन ड्रग तस्करों को पकड़ा जिनकी पहचान मोहित शर्मा पुत्र पवन कुमार शर्मा निवासी ड्रीम सिटी, मुथी जम्मू, अंकित महाजन पुत्र अनिल गुप्ता निवासी चौधरी लेन, रूप नगर, जम्मू, अंकित भट्ट पुत्र चमन लाल भट्ट निवासी रूप नगर जम्मू के रूप में हुई है। उनकी व्यक्तिगत तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन के साथ 7.21 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद किया गया। बरामद तस्करी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री को मौके पर ही जब्त कर सील कर दिया गया। इसके अतिरिक्त पंजीकरण संख्या जेके02सीयू-7166 वाला एक वाहन भी जब्त कर लिया गया जिसका इस्तेमाल अपराध को अंजाम देने में किया जा रहा था। इस संबंध में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धारा 8/21/22/29 के तहत पुलिस स्टेशन दोमाना में एफआईआर संख्या 70/2026 दर्ज की गई है। आरोपी व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Share this story