गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर को जम्मू में योग दिवस मनाएगा भारतीय योग संस्थान
जम्मू,, 27 सितंबर (हि.स.)।
भारतीय योग संस्थान (पंजीकृत), जम्मू की ओर से गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को योग दिवस मनाया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम सुबह 6 बजे से 8 बजे तक गोल गुजराल स्थित योग आश्रम में आयोजित होगा। कार्यक्रम के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए बहू जिले की ओर से ग्रीन बेल्ट पार्क, जम्मू में प्रभात फेरी निकाली गई। इस दौरान भारतीय योग संस्थान के मंत्री जिया लाल शर्मा ने संस्थान की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी तथा योग, भारतीय सांस्कृतिक विरासत और स्वस्थ जीवनशैली पर आधारित संस्थान की पत्रिका ‘योग मंजरी के बारे में बताया। उन्होंने लोगों से 2 अक्टूबर को योग आश्रम में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। जम्मू के विभिन्न क्षेत्रों में संस्थान के अन्य जिलों की ओर से भी प्रभात फेरियां आयोजित की गईं जिनमें योग साधकों और सदस्यों ने स्वस्थ जीवन, प्रसन्न जीवन और समाज सेवा का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

