भारतीय कला संगम ने आयोजित की डोगरी लोक संगीत कार्यशाला

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 07 जून (हि.स.)। भारतीय कला संगम (बीकेएस), जम्मू ने भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से रेपर्टरी ग्रांट योजना के तहत राजकीय उच्च विद्यालय रायपुर सतवारी में डोगरी लोक संगीत कार्यशाला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और डोगरी लोक संस्कृति से रूबरू हुए। इस अवसर पर भारतीय कला संगम के अध्यक्ष टी.आर. शर्मा ने कहा कि संस्था वर्ष 1980 से डोगरी भाषा और डोगरा संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले चार दशकों में संस्था ने डोगरी लोक संगीत, लोक नृत्य, साहित्यिक गतिविधियों तथा विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियों के सम्मान समारोहों सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए हैं।

उन्होंने संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रदान किए जा रहे वित्तीय सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इससे डोगरी भाषा और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने में मदद मिली है। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मैडम चौधरी ने भारतीय कला संगम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यशाला से विद्यार्थियों को संगीत और गायन की मूलभूत जानकारी प्राप्त हुई। उन्होंने कार्यक्रम में प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की भी सराहना की।

कार्यक्रम का आयोजन भारतीय कला संगम की अध्यक्ष वैष्णो देवी के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान तिलक राज टगोत्रा, मरीना जम्वाल, रवि रघुवंशी और दीपक सहित कई कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के निदेशक रमेश सिंह चिब ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए संस्कृति मंत्रालय, शिक्षा विभाग तथा विद्यालय प्रशासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story