महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की किल्लत पर भल्ला का केंद्र सरकार पर हमला, बाहु किला में जनसभा के दौरान बोले : आम जनता महंगाई से त्रस्त, सरकार विफल

WhatsApp Channel Join Now
महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की किल्लत पर भल्ला का केंद्र सरकार पर हमला, बाहु किला में जनसभा के दौरान बोले : आम जनता महंगाई से त्रस्त, सरकार विफल


जम्मू, 20 मार्च (हि.स.)। जम्मू और कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रमन भल्ला ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह आम जनता की रोजमर्रा की समस्याओं, खासकर बढ़ती महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की किल्लत को दूर करने में पूरी तरह विफल रही है। जम्मू के बहू फोर्ट में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए भल्ला ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग अभूतपूर्व महंगाई से जूझ रहे हैं जिससे घरेलू बजट बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने में नाकाम रही है, जिससे आम नागरिक आर्थिक दबाव में जीवन यापन कर रहा है।

उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों से लेकर रसोई गैस तक हर चीज महंगी हो चुकी है। सरकार ने जनता की परेशानियों से मुंह मोड़ लिया है। भल्ला ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार बड़े उद्योग घरानों के हितों की रक्षा कर रही है जबकि आम जनता की अनदेखी की जा रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार के गठन के बाद अमीर और गरीब के बीच खाई और चौड़ी हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतियां कुछ खास लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए बनाई जा रही हैं जिससे आम जनता आर्थिक संकट में और फंसती जा रही है।

भल्ला ने मध्य-पूर्व में जारी तनाव का हवाला देते हुए कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के कारण भी कीमतों में वृद्धि और आपूर्ति बाधित हो रही है जिसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने एलपीजी सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी और कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई परिवारों को समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है। एक तरफ कीमतें आसमान छू रही हैं और दूसरी ओर लोग कृत्रिम किल्लत और कालाबाजारी के कारण परेशान हैं जो शासन की विफलता को दर्शाता है, उन्होंने कहा।

भल्ला ने भाजपा पर अधूरे वादों का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के दावे जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाते और जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। इस दौरान स्थानीय निवासियों ने भी आवश्यक वस्तुओं की अनियमित आपूर्ति, सार्वजनिक सेवाओं की कमी और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों को उठाया तथा त्वरित समाधान की मांग की। भल्ला ने कांग्रेस पार्टी की ओर से आश्वासन दिया कि जनता की समस्याओं को उचित मंचों पर उठाया जाएगा। उन्होंने जनहितकारी नीतियों, प्रभावी मूल्य नियंत्रण और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।

सभा को लतीश शर्मा, राजनाथ दलोत्रा, रमेश चंद्र दलोत्रा, मनोहर लाल सगोट्रा, दीवान चंद, बलदेव राज नागोत्रा, गुरदास नागोत्रा, टेक चंद दलोत्रा, विक्की फेंगोट्रा और बहादुर लाल दलोत्रा सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया और जनता की समस्याओं पर चिंता व्यक्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story