19 से 21 अक्टूबर तक होगा बसोहली उत्सव, तैयारियों की संभागीय आयुक्त ने की समीक्षा
कठुआ, 15 अक्टूबर (हि.स.)। संभागीय आयुक्त जम्मू डॉ. विकास कुंडल ने वीरवार को बसोहली का दौरा कर 19 से 21 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय बसोहली उत्सव-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय में अधिकारियों और संबंधित विभागों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
संभागीय आयुक्त ने बिजली, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निवेश शिखर सम्मेलन के लिए व्यापक प्रबंध करने तथा सभी आयोजन स्थलों पर आगंतुकों की सुविधा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने पर्यटक स्वागत केंद्र, रानी तालाब, अटल सेतु, जंज घर और सरकारी मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल सहित प्रमुख आयोजन स्थलों का निरीक्षण भी किया। बसोहली की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन और निवेश क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित उत्सव में इस बार सदी पुरानी खुली रामलीला प्रमुख आकर्षण रहेगी।
इसके अलावा हाफ मैराथन, बाइक रैली, युवा संसद, प्रदर्शनी एवं कार्यशालाओं के साथ स्थानीय कला, संस्कृति और व्यंजनों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। बैठक में उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा, एसएसपी मोहिता शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त बसोहली पंकज भगोत्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

