बारामूला पुलिस ने मादक पदार्थों के खतरे से निपटने के लिए गुमनाम सूचना हेल्पलाइन शुरू की

WhatsApp Channel Join Now

बारामूला, 23 अप्रैल (हि.स.)। मादक पदार्थों के दुरुपयोग और तस्करी के खतरे को जड़ से खत्म करने के निरंतर प्रयास के तहत बारामूला पुलिस ने मादक पदार्थों से संबंधित गतिविधियों के बारे में जानकारी साझा करने के लिए नागरिकों को प्रोत्साहित करने हेतु एक विशेष गुमनाम सूचना हेल्पलाइन शुरू की है।

इस पहल का उद्देश्य मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ाई में जनता की भागीदारी को मजबूत करना और एक सुरक्षित, नशामुक्त समाज सुनिश्चित करना है। नागरिक अब गोपनीय रूप से सूचना हेल्पलाइन नंबर 9596767701 पर संपर्क करके जानकारी दे सकते हैं।

पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। यह नंबर एसएसपी बारामूला के सीधे पर्यवेक्षण और व्यक्तिगत निगरानी में है जिससे प्राप्त प्रत्येक विश्वसनीय सूचना पर तुरंत ध्यान दिया जाएगा और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बारामूला पुलिस आम जनता से अपील करती है कि वे आगे आकर इस पहल में सक्रिय रूप से सहयोग करें और अपने क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी, नशाखोरी या संदिग्ध गतिविधियों से संबंधित किसी भी जानकारी की सूचना दें। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर बारामूला को नशामुक्त बना सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story