एनडीपीएस मामले में शामिल होने पर बारामूला पुलिस ने एसपीओ को सेवा से हटाया

WhatsApp Channel Join Now

बारामूला, 09 जून,(हि.स.)। बारामूला पुलिस ने एनडीपीएस मामले में शामिल होने के कारण कटिपोरा, टंगमर्ग के रहने वाले एसपीओ खालिद नज़ीर खान (3098/SPO) को तत्काल प्रभाव से एसपीओ कैडर से हटा दिया है।

23.04.2026 को कुंज़र पुलिस स्टेशन द्वारा वुसन क्रॉसिंग पर नाका चेकिंग के दौरान एक ऑल्टो गाड़ी को रोका गया। गाड़ी में सवार लोग जिनमें उक्त एसपीओ भी शामिल था संदिग्ध हालत में पाए गए।

चेकिंग के दौरान उनके पास से सिरिंज और सुइयां बरामद हुईं जबकि गाड़ी से नशीले पदार्थों के सेवन में इस्तेमाल होने वाला सिल्वर फॉयल पेपर भी मिला। इसके बाद कुंज़र पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/27/29 के तहत प्राथमिकी नंबर 46/2026 दर्ज की गई। गंभीर संलिप्तता और एक अनुशासित बल के सदस्य के तौर पर अशोभनीय आचरण को देखते हुए एसपीओ को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया गया है।

बारामूला पुलिस नशीले पदार्थों के दुरुपयोग और कदाचार के खिलाफ ज़ीरो-टॉलरेंस नीति अपनाती है और अपने बल में अनुशासन, ईमानदारी और जवाबदेही के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Share this story