कठुआ में प्रतिबंधित पॉलीथिन पर नगर परिषद की बड़ी कार्रवाई, 12 क्विंटल सामग्री जब्त
कठुआ, 08 अक्टूबर (हि.स.)। प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल, बिक्री एवं भंडारण पर शिकंजा कसते हुए नगर परिषद कठुआ ने शहर के प्रमुख थोक प्रतिष्ठानों पर जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान नगर परिषद की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से करीब 12 क्विंटल प्रतिबंधित पॉलीथिन सामग्री जब्त की।
नगर परिषद की टीम द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान जब्त की गई सामग्री को कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार यह अभियान प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स, 2016 तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री के निर्माण, भंडारण, बिक्री और इस्तेमाल से संबंधित अन्य प्रावधानों के तहत चलाया गया। नगर परिषद ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। परिषद ने व्यापारियों, दुकानदारों और आम लोगों से प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री के इस्तेमाल, बिक्री एवं भंडारण से बचने की अपील की है। नगर परिषद ने कहा कि कठुआ शहर को स्वच्छ एवं पर्यावरण के लिहाज से बेहतर बनाने के लिए नागरिकों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों का सहयोग बेहद जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

