मिशन युवा के लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करें बैंक-एसडीएम

WhatsApp Channel Join Now


मिशन युवा के लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करें बैंक-एसडीएम


हीरानगर, 19 सितंबर (हि.स.)। मिशन युवा योजना की प्रगति को लेकर एसडीएम हीरानगर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रोजगार विभाग के अधिकारियों के अलावा जेएंडके बैंक और जेएंडके ग्रामीण बैंक की 15 शाखाओं के शाखा प्रबंधक, बीएचडी समन्वयक व अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए।

एसडीएम ने शाखावार मामलों की समीक्षा करते हुए बैंकों में लंबित मामलों और अधिक अस्वीकृति दर वाले मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न बैंक शाखाओं में लंबित 63 मामलों पर चर्चा की गई। एसडीएम ने पात्र मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र स्वीकृत करने और निर्धारित समय सीमा में निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए उद्यमियों और पहली बार लाभ लेने वाले युवाओं को उचित मार्गदर्शन व सहयोग उपलब्ध कराया जाए ताकि वे अपने व्यवसायिक विचारों को व्यवहारिक उद्यम में बदल सकें। आवेदन में किसी कमी को दूर करने के लिए संबंधित विभागों और आवेदकों के साथ समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। एसडीएम ने उपमंडल के छह चयनित वाइब्रेंट विलेज के पात्र युवाओं तक मिशन युवा का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल ऋण स्वीकृत करना नहीं बल्कि युवाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता और स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है। रोजगार विभाग के उपनिदेशक तथा बैंक अधिकारियों ने लंबित मामलों की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा कर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story