बलविंदर सिंह ने फूड सेफ्टी विंग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
जम्मू,, 29 जून (हि.स.)।
प्रसिद्ध आरटीआई एवं सामाजिक कार्यकर्ता बलविंदर सिंह ने जम्मू-कश्मीर के ड्रग एंड फूड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन के फूड सेफ्टी विंग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि विभाग का विजन केवल कागजों तक सीमित रह गया है। उन्होंने कहा कि लखनपुर से लेकर कश्मीर तक सड़क किनारे कई स्थानों पर खुले और अस्वच्छ तरीके से खाद्य पदार्थ बेचे जा रहे हैं जिससे लोगों के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा है। बलविंदर सिंह ने दावा किया कि शालीमार गार्डन, निशात गार्डन और कोकरनाग जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों के बाहर भी बिना ढके और अस्वच्छ भोजन की बिक्री जारी है।
उन्होंने खाद्य सुरक्षा आयुक्त से पूरे केंद्र शासित प्रदेश में विशेष अभियान चलाने, नियमित औचक निरीक्षण कराने, स्वच्छता मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल जुर्माना वसूलना पर्याप्त नहीं है बल्कि लोगों को सुरक्षित और मिलावट मुक्त भोजन उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

