मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस पर बरसे बाली भगत

WhatsApp Channel Join Now
मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस पर बरसे बाली भगत


जम्मू, 25 सितंबर (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री बाली भगत ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा कांग्रेस नेतृत्व के बयानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पर ‘वोट चोरी’ जैसे आरोप लगाने से पहले कांग्रेस को मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर तथ्यों और प्रमाणों के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। बाली भगत ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के लिए ठोस तथ्य और साक्ष्य सामने रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संविधान का उल्लेख करने के साथ उसके तहत स्थापित संस्थाओं का सम्मान करना भी आवश्यक है। यदि राहुल गांधी या कांग्रेस के पास चुनावी अनियमितताओं से संबंधित प्रमाण हैं तो उन्हें सक्षम संवैधानिक अथवा कानूनी प्राधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाना चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर चुनावी मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण को लेकर कथित तौर पर अलग-अलग रुख अपनाने का भी आरोप लगाया। भगत ने कहा कि चुनाव से संबंधित वास्तविक शिकायतों का समाधान संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए न कि संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करने वाले राजनीतिक आरोपों के जरिए। बाली भगत ने सोनिया गांधी के नाम के 1980 की मतदाता सूची में होने को लेकर चल रही कानूनी प्रक्रिया का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में सक्षम कानूनी प्राधिकारी ही दस्तावेजों और तथ्यों की जांच कर निष्कर्ष तय करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी आरोप को बार-बार दोहराने से वह तथ्य साबित नहीं हो जाता।

उन्होंने चुनाव आयोग की ओर से चुनावी व्यवस्था और डिजिटल प्रणालियों को लेकर दिए गए स्पष्टीकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि गंभीर आरोप लगाने वालों को उनके समर्थन में सत्यापन योग्य प्रमाण भी सामने रखने चाहिए। चुनाव आयोग भारत में चुनाव प्रक्रिया का संचालन करने वाला संवैधानिक निकाय है। भगत ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया से संबंधित किसी भी शिकायत को उचित संवैधानिक एवं कानूनी मंच पर उठाया जाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से आरोपों के बजाय दस्तावेजी प्रमाण प्रस्तुत करने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story