गंग्याल-बाबलियाना में डी-9 कैनाल नहर की सफाई को लेकर रोष

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 07 मार्च (हि.स.)।

डी-9 कैनाल नहर की उचित सफाई न होने को लेकर क्षेत्र के लोगों में गहरा रोष देखने को मिला। इस संबंध में भाजपा जम्मू-कश्मीर के महामंत्री एवं पूर्व डिप्टी मेयर जम्मू, बलदेव सिंह बिलावरिया ने गंग्याल और बाबलियाना क्षेत्र का दौरा कर स्थानीय निवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा मौके पर स्थिति का जायजा लिया।

दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने बिलावरिया को अवगत करवाया कि डी-9 कैनाल नहर की सफाई ढंग से नहीं की गई है जिसके कारण नहर में गंदगी और मलबा जमा हो गया है। उन्होंने बताया कि नहर से निकाला गया मलबा भी उचित तरीके से हटाया नहीं गया, बल्कि उसे आसपास ही डाल दिया गया है जिससे क्षेत्र में धूल-मिट्टी फैल रही है और लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।

इस अवसर पर बलदेव सिंह बिलावरिया ने स्वयं मौके का निरीक्षण किया और पाया कि वास्तव में नहर की सफाई संतोषजनक ढंग से नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि नहर की सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई है, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति काफी खराब है।

बिलावरिया ने कहा कि नहर से निकाले गए मलबे को बाहर ही छोड़ देने के कारण आसपास के क्षेत्र में धूल और गंदगी का माहौल बन गया है जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि यह विषय केवल सफाई तक सीमित नहीं है बल्कि यह लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण से भी जुड़ा हुआ है।

बिलावरिया ने आगे कहा कि नहर के आसपास रहने वाले लोगों के साथ-साथ मॉर्निंग वॉकर को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि धूल-मिट्टी और गंदगी के कारण लोगों ने सुबह और शाम की सैर करना भी काफी हद तक छोड़ दिया है जिससे उनके दैनिक जीवन और स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है।

बिलावरिया ने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि वह इस विषय को संबंधित विभाग और अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाएंगे ताकि समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया कि वे स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें और डी-9 कैनाल नहर की वैज्ञानिक और प्रभावी तरीके से सफाई सुनिश्चित करें।

इसके साथ ही उन्होंने संबंधित विभाग से मांग की कि नहर से निकाले गए मलबे को तुरंत वहां से हटाया जाए ताकि गंग्याल और बाबलियाना क्षेत्र के निवासियों को धूल और गंदगी से राहत मिल सके तथा क्षेत्र में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story