जम्मू में दशहरे पर बजरंग दल ने किया शस्त्र पूजन

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 20 अक्टूबर (हि.स.)।

विजयदशमी के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद की युवा शाखा बजरंग दल की ओर से जम्मू में पारंपरिक शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मुख्यालय शक्ति आश्रम में कन्या पूजन के साथ विधि-विधान से शस्त्रों की पूजा की गई।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय सचिव गुलाब सिंह ने कहा कि बजरंग दल सेवा, सुरक्षा और संस्कार के सिद्धांतों पर काम करता है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को शास्त्रों के ज्ञान के साथ-साथ शस्त्रों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी होना भी जरूरी है।

गुलाब सिंह ने धार्मिक मान्यताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महाभारत काल में पांडवों ने अज्ञातवास के दौरान विराट नगरी में शस्त्र पूजन किया था। उन्होंने इस परंपरा को वर्तमान अखनूर क्षेत्र से भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने भी रावण के साथ युद्ध से पहले शस्त्रों की पूजा की थी। विजयदशमी पर शस्त्र पूजन की परंपरा को धर्म, साहस और विजय का प्रतीक माना जाता है।

उन्होंने बताया कि विजयदशमी के अवसर पर देशभर के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर और लद्दाख प्रांत में भी बजरंग दल की ओर से शस्त्र पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में विहिप के प्रांत मंत्री स्वर्ण सिंह, डॉ. एस.एस. सम्ब्याल, राजन गुप्ता, सिद्धांत रंधावा, विशाल महाजन सहित बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764025 Articles

Share this story