चंदवां में 1.3 करोड़ का आयुष्मान आरोग्य मंदिर समर्पित, 25 लाख के विकास कार्यों की शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now
चंदवां में 1.3 करोड़ का आयुष्मान आरोग्य मंदिर समर्पित, 25 लाख के विकास कार्यों की शुरुआत


कठुआ, 16 मार्च (हि.स.)। जसरोटा के विधायक राजीव जसरोटिया ने सोमवार को पंचायत चंदवां के ठाकुरपुरा में करीब 1.3 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण किया। इस आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र से चंदवां सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, मातृ-शिशु देखभाल और बेसिक जांच सुविधाएं अब स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी।

इस अवसर पर विधायक जसरोटया ने पंचायत चंदवां में करीब 25 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भी शुभारंभ किया। इन कार्यों में क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए दो नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना तथा तीन लेन ड्रेन और सार्वजनिक प्लेटफॉर्म का निर्माण शामिल है, जिससे स्थानीय लोगों को लंबे समय से चली आ रही बिजली व जल निकासी की समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए जसरोटिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराएगा और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति भी जागरूकता बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, बिजली, स्वच्छता और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है, ताकि गांवों को भी शहरों जैसी सुविधाएं मिल सकें। साथ ही नए ट्रांसफार्मर लगने से बिजली आपूर्ति स्थिर होगी और वोल्टेज की समस्या में कमी आएगी। इस दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए आने वाले समय में और भी परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story