मोबाइल फोन के दुष्प्रभावों पर जागरूकता संगोष्ठी आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
मोबाइल फोन के दुष्प्रभावों पर जागरूकता संगोष्ठी आयोजित


जम्मू, 16 मई (हि.स.)। आशा किरण वेलफेयर सोसाइटी द्वारा गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल जानीपुर कॉलोनी जम्मू में मोबाइल फोन के दुष्प्रभाव विषय पर एक जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में कक्षा 8वीं से 10वीं तक के 13 विद्यार्थियों ने भाग लेकर मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले नुकसान पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं के छात्र रिंकू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा 9वीं की छात्रा सानिया और कक्षा 10वीं की छात्रा सेहरत संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि कक्षा 9वीं की छात्रा प्रीति ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को सोसाइटी की ओर से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। निर्णायक मंडल में विद्यालय की हेड मिस्ट्रेस गीता रानी, स्टेज सेक्रेटरी यासमीन अख्तर तथा सोसाइटी के संगठन सचिव विनोद कुमार शामिल रहे।

कार्यक्रम के दौरान अन्य प्रतिभागी विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए तथा विद्यालय में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डस्टबिन उपलब्ध करवाए गए। सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. जे.पी. गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मोबाइल फोन का अत्यधिक उपयोग स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने बताया कि इससे मस्तिष्क विकास, स्मरण शक्ति, दृष्टि क्षमता तथा गर्दन और रीढ़ की हड्डी पर नकारात्मक असर पड़ता है, साथ ही विद्यार्थियों का बहुमूल्य समय भी नष्ट होता है।

कार्यक्रम में हरि चंद शर्मा, एस.एन. अबरोल, सुरिंदर भसीन, बोध राज शर्मा तथा पार्षद सुभाष दत्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर 30 से अधिक अध्यापकों और लगभग 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने मोबाइल फोन के उचित एवं विवेकपूर्ण उपयोग की सामूहिक शपथ ली।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story