महानपुर कॉलेज में नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कठुआ, 04 जुलाई (हि.स.)। 100-दिवसीय नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत राजकीय डिग्री कॉलेज महानपुर में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. संगीता सुदन के मार्गदर्शन में किया गया जबकि समन्वय प्रो. सपना देवी ने किया। इसमें विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्त शपथ ग्रहण समारोह, जागरूकता अभियान, दीवार लेखन, से नो टू ड्रग्स के नारे, पौधारोपण, स्वच्छ भारत-हरित भारत अभियान तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए योग सत्र का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. संगीता सुदन ने विद्यार्थियों को नशा मुक्त रहने की शपथ दिलाई और उन्हें समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने तथा शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। कार्यक्रम में प्रो. रुपाली, प्रो. बिंती सहित स्टाफ सदस्य रमेश, कुलदीप, किशोरी, सनी, अनु और अनुराधा ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का समापन नशामुक्त जम्मू-कश्मीर के संकल्प के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

