निराश्रित बुजुर्गों की पहचान को लेकर जागरूकता अभियान, जरूरतमंद परिवारों को बांटी राशन किट

WhatsApp Channel Join Now
निराश्रित बुजुर्गों की पहचान को लेकर जागरूकता अभियान, जरूरतमंद परिवारों को बांटी राशन किट


जम्मू, 24 जुलाई (हि.स.)। 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के ऐसे निराश्रित एवं असहाय वरिष्ठ नागरिकों की पहचान कर उन्हें संरक्षण और देखभाल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वृद्धाश्रम अम्फल्ला, जम्मू द्वारा राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय, कोटली भगवान सिंह (आरएस पुरा) में जन-जागरूकता एवं राशन किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वृद्धाश्रम के सचिव डॉ. दिनेश गुप्ता ने किया। इस दौरान संयुक्त सचिव विजय गुप्ता, प्रबंध समिति सदस्य सतपाल शर्मा और सरदार राजिंदर सिंह तथा समाजसेवी प्रमोद कुमार ने भी सहयोग दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. दिनेश गुप्ता ने कहा कि समाज में कई वरिष्ठ नागरिक ऐसे हैं जो अकेले और असहाय जीवन जी रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई ऐसा बुजुर्ग है जिसकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है तो उसकी जानकारी वृद्धाश्रम को दें ताकि उसे सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने बताया कि वृद्धाश्रम में पात्र वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क आवास, भोजन, चिकित्सा सुविधा, नर्सिंग देखभाल, फिजियोथेरेपी और पारिवारिक माहौल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

मुख्य अतिथि एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) आरएस पुरा अतीक्षा सेठी ने महिलाओं, बच्चों, विधवाओं, पोषण एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इनका लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने बच्चों की नियमित शिक्षा के लिए उन्हें आंगनवाड़ी केंद्रों और सरकारी विद्यालयों में भेजने पर भी बल दिया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या ने वृद्धाश्रम की इस पहल की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि विद्यालय प्रशासन क्षेत्र में रहने वाले निराश्रित वरिष्ठ नागरिकों की पहचान में हरसंभव सहयोग करेगा। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री से युक्त राशन किट वितरित किए गए। डॉ. दिनेश गुप्ता ने बताया कि ये किट समाजसेवियों, दानदाताओं और शुभचिंतकों के सहयोग से प्राप्त सामग्री से तैयार कर जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई गईं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story