निराश्रित बुजुर्गों की पहचान के लिए नगरोटा में जागरूकता अभियान, 65 जरूरतमंद परिवारों को राशन किट वितरित
जम्मू, 06 अगस्त (हि.स.)। एकाकी एवं निराश्रित वरिष्ठ नागरिकों की पहचान कर उन्हें संरक्षण और देखभाल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से होम फॉर द एज्ड एंड इन्फर्म (वृद्धाश्रम), अम्फल्ला द्वारा कट्टल बट्टल, नगरोटा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. बी. बी. शर्मा, पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), तथा कट्टल बट्टल यूथ यूनियन के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों से अपील की गई कि वे ऐसे 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के निराश्रित, उपेक्षित, परित्यक्त अथवा अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों की पहचान कर उन्हें वृद्धाश्रम की सुविधाओं से अवगत कराएं। बताया गया कि संस्था के नियमों के अनुसार पात्र वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क आवास, भोजन, चिकित्सा, देखभाल, सुरक्षा और पुनर्वास की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इस दौरान वृद्धाश्रम की प्रवेश प्रक्रिया और पात्रता संबंधी जानकारी भी साझा की गई।
मानवीय सेवा के तहत कार्यक्रम में क्षेत्र के 65 गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को राशन किट भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में कट्टल बट्टल यूथ यूनियन के अध्यक्ष जतिन्दर सिंह, कैशियर पंकज शर्मा, गिरधारी लाल और सुरेन्द्र कुमार सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे। वहीं वृद्धाश्रम की ओर से अध्यक्ष इंजी. पंकज गुप्ता, सचिव डॉ. दिनेश गुप्ता, संयुक्त सचिव विजय गुप्ता, प्रबंध समिति के सदस्य विजय धवन, सतपाल शर्मा, एस. राजिन्दर सिंह, सुधा गुप्ता तथा राघव गुप्ता ने भाग लिया। संस्था ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प दोहराया, ताकि कोई भी वरिष्ठ नागरिक उपेक्षा का शिकार न हो और उसे सम्मानजनक जीवन मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

