विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर जागरूकता व स्क्रीनिंग, डीसी ने दी रोकथाम की सलाह

WhatsApp Channel Join Now
विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर जागरूकता व स्क्रीनिंग, डीसी ने दी रोकथाम की सलाह


कठुआ, 28 जुलाई (हि.स.)। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर जिला स्वास्थ्य समिति कठुआ ने जिला जेल कठुआ के सहयोग से कैदियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम और हेपेटाइटिस बी व सी स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने किया जबकि सीएमओ डॉ. विजय रैना व जेल अधीक्षक मोहितर पाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

उपायुक्त ने कहा कि वायरल हेपेटाइटिस की रोकथाम के लिए समय पर जांच, सही उपचार और जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि हेपेटाइटिस बी व सी संक्रमित रक्त, असुरक्षित इंजेक्शन व दूषित उपकरणों के कारण

फैलते हैं और लोगों से सुरक्षित स्वास्थ्य व्यवहार अपनाने व समय-समय पर जांच कराने की अपील की। उन्होंने नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत नशे से दूर रहने और सुई साझा न करने की भी सलाह दी।

इस दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कैदियों को बीमारी के लक्षण, बचाव व उपलब्ध मुफ्त उपचार की जानकारी दी। जिलेभर में चलाए गए अभियान के तहत विभिन्न संस्थानों में कुल 375 लोगों की स्क्रीनिंग की गई जिनमें पॉजिटिव मामलों को आगे के उपचार के लिए एनवीएचसीपी से जोड़ा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story