कठुआ में रैंप कार्यक्रम के तहत जागरूकता एवं सुविधा शिविर आयोजित, उद्यम पंजीकरण पर दिया गया जोर
कठुआ, 26 फरवरी (हि.स.)। जिला उद्योग केंद्र कठुआ द्वारा ग्रीन पार्क कॉलोनी में जागरूकता एवं सुविधा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य एमएसएमई इकाइयों, व्यापारियों और नए उद्यमियों को उद्यम पंजीकरण के प्रति जागरूक करना और मौके पर ही पंजीकरण सुविधा प्रदान करना था।
कार्यक्रम का आयोजन महाप्रबंधक डीआईसी कठुआ मुश्ताक अहमद चैधरी की देखरेख में किया गया। इस दौरान फंक्शनल मैनेजर सूर्यवंशी मनीष भगत, पल्लवी भारद्वाज, विवेक सिंह और विशवदीप सिंह सहित विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभागियों को उद्यम पंजीकरण की प्रक्रिया, महत्व और लाभों की जानकारी दी। शिविर में कठुआ यूनिट्स इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारियों, औद्योगिक इकाइयों के संचालकों, व्यापारियों और हितधारकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को सरकारी प्रोत्साहन, ऋण सुविधा, सब्सिडी और अन्य लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया तथा मौके पर ही पंजीकरण से संबंधित सहायता भी प्रदान की गई। महाप्रबंधक ने कहा कि उद्यम पंजीकरण एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत करने और उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम का समापन हितधारकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

