चड़वाल में गोवंश तस्करी प्रयास विफल, 16 गोवंश मुक्त, ट्रक जब्त
कठुआ, 03 सितंबर (हि.स.)। कठुआ पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग चड़वाल क्षेत्र में 16 गोवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त करवाया और तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को जब्त किया। कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस की समग्र निगरानी में की गई।
जानकारी के अनुसार थाना राजबाग पुलिस की टीम ने चैकी चड़वाल पुलिस के सहयोग से एनएचडब्ल्यू चड़वाल क्षेत्र में नाका लगाकर वाहनों की जांच की। इसी दौरान पंजाब की ओर से जम्मू-कश्मीर की तरफ आ रहे संदिग्ध ट्रक जेके03डी-7390 को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक में 16 गोवंश को अमानवीय तरीके से लदा पाया गया। पुलिस ने सभी 16 गोवंश को मुक्त करवाकर ट्रक को जब्त कर लिया।
मामले में थाना राजबाग में एफआईआर संख्या 204/2026 धारा 223 बीएनएस तथा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। ट्रक चालक मौके से फरार बताया गया है जिसकी पहचान और तलाश के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने लोगों से गोवंश तस्करी या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर 112 अथवा 09858034100 पर सूचना देने की अपील की है। पुलिस ने सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

