जिला जम्मू योगासन चैंपियनशिप में करीब 200 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

WhatsApp Channel Join Now
जिला जम्मू योगासन चैंपियनशिप में करीब 200 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम


जम्मू, 24 अगस्त (हि.स.)। दो दिवसीय 7वीं जिला जम्मू योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 का सोमवार को एमए स्टेडियम स्थित योगा हॉल में समापन हुआ। जिला जम्मू योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और जिलों से करीब 200 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन जम्मू-कश्मीर योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन और योगासन भारत से संबद्ध जिला एसोसिएशन ने जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल के सहयोग से किया।

चैंपियनशिप में ट्रेडिशनल योगासन के अलावा आर्टिस्टिक सिंगल, आर्टिस्टिक पेयर, रिदमिक पेयर और आर्टिस्टिक ग्रुप स्पर्धाएं आयोजित की गईं। कैडेट, सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर तथा सीनियर-ए, बी और सी वर्गों में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने संतुलन, लचीलापन, शक्ति और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया।

ट्रेडिशनल योगासन के कैडेट वर्ग में एसडी तारा स्कूल के अयांश कुमार और कैंब्रिज स्कूल की काव्या ने पहला स्थान हासिल किया। सब-जूनियर वर्ग में डीपीएस के दिव्येश शर्मा और एफएम स्मार्ट स्कूल की गुरप्रीत कौर विजेता रहे। जूनियर वर्ग में जम्मू संस्कृति के मृदुल पंत और कैंब्रिज स्कूल की संवी कौल ने पहला स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में जम्मू विश्वविद्यालय के साहिल सिंह और नितिका शर्मा ने पुरुष एवं महिला वर्ग में शीर्ष स्थान हासिल किया।

सीनियर-ए वर्ग में जम्मू विश्वविद्यालय के निखिल शर्मा और प्रिया, सीनियर-बी में राजौरी के अनिल मेहता और अनीता शर्मा तथा सीनियर-सी में जम्मू विश्वविद्यालय के वनीत शर्मा और राजौरी की शशि प्रभा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आर्टिस्टिक और रिदमिक स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में जिला खेल अधिकारी बशीर और संजीव पांडे मुख्य अतिथि रहे जबकि अनिल, रेखा और दिव्या गुप्ता सम्मानित अतिथि तथा डॉ. संदीप शर्मा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। जिला अध्यक्ष डॉ. रोहित कौल, उपाध्यक्ष अरुण, महासचिव जोहा बरकत और कोषाध्यक्ष ललिता शर्मा के नेतृत्व में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान किए गए तथा तकनीकी अधिकारियों और स्वयंसेवकों को भी सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story