पुंछ के मंकोट सेक्टर में मिला मोर्टार शेल, सेना ने सुरक्षित तरीके से किया निष्क्रिय

WhatsApp Channel Join Now

पुंछ, 03 अगस्त (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के मंकोट सेक्टर में सोमवार को एक मोर्टार शेल मिलने से इलाके में कुछ समय के लिए सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और भारतीय सेना की टीम मौके पर पहुंची तथा शेल को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है।

अधिकारियों के अनुसार, मंकोट पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत छज्जाला पुल के पास स्थानीय लोगों की नजर एक संदिग्ध मोर्टार शेल पर पड़ी। इसकी सूचना तत्काल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को दी गई।

सूचना मिलने के बाद भारतीय सेना की 59 इंजीनियरिंग रेजिमेंट की बेजल्टा कंपनी की बम निष्क्रियकरण टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा घेरा बनाकर आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए और निर्धारित प्रक्रिया के तहत मोर्टार शेल को सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि समय रहते कार्रवाई होने से किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। शेल मिलने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध या विस्फोटक जैसी वस्तु दिखाई दे तो उसे हाथ न लगाएं और तत्काल पुलिस या सुरक्षा एजेंसियों को इसकी सूचना दें।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story