नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नगरोटा में सेना ने आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 30 जून (हि.स.)। नशा मुक्त भारत अभियान जम्मू-कश्मीर के तहत भारतीय सेना ने समाज को नशामुक्त, जागरूक और जिम्मेदार बनाने की अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए नागरोटा स्थित उस्मान ऑडिटोरियम में सेना के जवानों और उनके आश्रितों के लिए नशा विरोधी जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ, अनुशासित और उद्देश्यपूर्ण जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सेना के जवानों, उनके बच्चों और परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

व्याख्यान सेना के एक विशेषज्ञ चिकित्सक द्वारा दिया गया। उन्होंने नशे की लत के गंभीर दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि समय रहते पहचान, उचित परामर्श और सामुदायिक सहयोग के माध्यम से इस समस्या की रोकथाम संभव है। उन्होंने यह भी बताया कि परिवार, शैक्षणिक संस्थान और समाज नशे की चपेट में आने वाले लोगों की पहचान कर उन्हें पुनर्वास की दिशा में प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान आयोजित संवादात्मक सत्र में प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story