जम्मू में सेना के वरिष्ठ अधिकारी की पत्नी पर जासूसी का आरोप
जम्मू,, 18 अक्टूबर (हि.स.)।
जम्मू में सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी की पत्नी के खिलाफ देश की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी विदेशी खुफिया एजेंसियों तक पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। महिला पर चीन समेत अन्य देशों से जुड़े कथित खुफिया एजेंटों के संपर्क में रहने और गोपनीय जानकारी साझा करने का संदेह जताया गया है। इस मामले को लेकर गांधी नगर पुलिस थाने में थ्प्त् दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान पलपार्थी नागा अनघा लक्ष्मी के रूप में हुई है, जो तेलंगाना के सिकंदराबाद की रहने वाली बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, महिला जम्मू के सतवारी सैन्य क्षेत्र में आई हुई थी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, एक विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद महिला की गतिविधियां संदेह के घेरे में आईं। आरोप है कि वह देश की सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील दस्तावेज, तस्वीरें और इलेक्ट्रॉनिक डाटा एकत्र करने, अपने पास रखने और कथित तौर पर आगे भेजने जैसी गतिविधियों में शामिल थी।
संदेह जताया गया है कि यह जानकारी ऑनलाइन एन्क्रिप्टेड संचार माध्यमों के जरिए चीन समेत अन्य विदेशी देशों से जुड़े खुफिया एजेंटों तक पहुंचाई जा रही थी। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वास्तव में कौन से दस्तावेज या जानकारियां साझा की गईं और कथित विदेशी संपर्क किन लोगों से थे।
इस संबंध में पुलिस स्टेशन गांधी नगर में आफिशियल सीक्रेट एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस डिजिटल माध्यमों से कथित जानकारी साझा करने और संभावित साजिश से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला के कथित विदेशी संपर्कों का दायरा कितना था और क्या इस मामले में किसी बड़े खुफिया नेटवर्क की भूमिका रही है।
हालांकि, महिला के खिलाफ लगाए गए आरोप अभी साबित नहीं हुए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही कथित जासूसी गतिविधियों और विदेशी एजेंसियों से संपर्क की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

