कठुआ में अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन, 350 युवाओं ने लिया भाग

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ में अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन, 350 युवाओं ने लिया भाग


कठुआ में अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन, 350 युवाओं ने लिया भाग


कठुआ, 22 सितंबर (हि.स.)। युवाओं को उद्योगों से जोड़ने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को राजकीय डिग्री कॉलेज बॉयज कठुआ में नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम के तहत अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया। मेले में जिले के विभिन्न आईटीआई, पॉलिटेक्निक संस्थानों, डिग्री कॉलेजों और स्कूलों से करीब 350 युवाओं ने भाग लिया।

उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित मेले की देखरेख जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक एवं एनएपीएस के जिला नोडल अधिकारी मुश्ताक चैधरी ने की। मेले में कठुआ के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से करीब 30 औद्योगिक इकाइयों ने भाग लिया जिन्होंने एनएपीएस पोर्टल पर लगभग 1700 अप्रेंटिसशिप अवसर उपलब्ध करवाए हैं। स्किल डेवलपमेंट विभाग रोजगार विभाग और जिला उद्योग केंद्र की ओर से लगाए गए काउंटरों पर युवाओं का पंजीकरण, काउंसलिंग और ऑनबोर्डिंग की गई। योग्य उम्मीदवारों का उद्योगों की उपलब्ध अप्रेंटिसशिप सीटों के साथ मिलान कर चयन किया गया तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत अप्रेंटिसशिप अनुबंध तैयार किए गए। इस अवसर पर उपायुक्त राजेश शर्मा ने कहा कि अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण युवाओं की शैक्षणिक योग्यता और उद्योगों की व्यावहारिक जरूरतों के बीच की दूरी को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे युवाओं को व्यावहारिक अनुभव और रोजगारपरक कौशल हासिल करने का अवसर मिलता है, जबकि उद्योगों को कुशल मानव संसाधन उपलब्ध होता है। उन्होंने युवाओं से एनएपीएस के तहत उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर अपने करियर को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story