सोपोर में सेब का स्टॉक जलकर राख

WhatsApp Channel Join Now

सोपोर, 09 अक्टूबर ((हि.स.)l

सोपोर के सेमपोरा इलाके में गुरुवार देर रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने भारी बारिश और तेज़ हवाओं के बीच तबाही मचा दी जिससे सेब रखने वाला एक शेड जलकर राख हो गया।

एक अधिकारी ने बताया कि आग गुरुवार देर शाम लगी और इसमें एक गोदाम जल गया जहाँ ताज़े तोड़े गए सेब और पैकेजिंग बॉक्स रखे हुए थे। किसान के घर का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने आग पर काबू पाने और उसे फैलने से रोकने की कोशिश की लेकिन तब तक सेब का स्टोरेज यूनिट पूरी तरह आग की चपेट में आ चुका था। उन्होंने बताया कि गोदाम फल उत्पादक मंज़ूर अहमद का था।

मंज़ूर ने बताया कि घटना के बाद से वह सो नहीं पाए हैं। उन्होंने कहा कि कल से बहुत मुश्किल समय चल रहा है। आग में मेरी साल भर की मेहनत बर्बाद हो गई। मैं पूरी रात सो नहीं सका। नुकसान बहुत बड़ा है और मैं सरकार से मदद की अपील करता हूँ।

इस बीच स्थानीय लोगों ने कृषि मंत्री जावेद अहमद डार और सोपोर के विधायक इरशाद रसूल कर से अपील की कि वे मामले में दखल दें और प्रभावित किसान की मदद करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Share this story