पंजाबी को आधिकारिक भाषा का दर्जा देने की मांग के समर्थन में उतरीअपनी पार्टी

WhatsApp Channel Join Now
पंजाबी को आधिकारिक भाषा का दर्जा देने की मांग के समर्थन में उतरीअपनी पार्टी


जम्मू, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में पंजाबी भाषा को आधिकारिक भाषा का दर्जा देने की मांग को लेकर ऑल जेएंडके सिख संगत की ओर से जारी अनिश्चितकालीन धरने को जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी ने समर्थन दिया है। पार्टी के महासचिव विजय बकाया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों से मुलाकात की और मांग के समर्थन में औपचारिक पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में जम्मू प्रांत के अध्यक्ष मनजीत सिंह सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल रहे।

इस अवसर पर विजय बकाया ने कहा कि भाषा किसी भी समुदाय की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और विरासत से जुड़ी होती है। पंजाबी को आधिकारिक भाषा का दर्जा देने की मांग पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाबी को मान्यता देने का अर्थ किसी अन्य भाषा या समुदाय की पहचान को कमजोर करना नहीं बल्कि जम्मू-कश्मीर की भाषाई विविधता का सम्मान करना है। उन्होंने सरकार से मोर्चा प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर मांग का समाधान निकालने की अपील की।

मनजीत सिंह ने कहा कि पंजाबी जम्मू-कश्मीर की ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसका संबंध सिख समुदाय की धार्मिक शिक्षाओं, गुरबाणी, साहित्य और परंपराओं से भी गहराई से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि पंजाबी को आधिकारिक मान्यता मिलने से शिक्षा, साहित्य, सांस्कृतिक गतिविधियों और सार्वजनिक जीवन में इसके प्रचार-प्रसार के अवसर बढ़ेंगे तथा युवा पीढ़ी अपनी भाषाई जड़ों से जुड़ी रह सकेगी।

मनजीत सिंह ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार से विधानसभा में पंजाबी भाषा विधेयक लाकर इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पंजाबी भाषी लोगों ने जम्मू-कश्मीर के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और उनकी भाषाई आकांक्षाओं पर उचित विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि किसी एक भाषा को बढ़ावा देना दूसरी भाषाओं के विरोध के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

इस मौके पर पार्टी के उपाध्यक्ष सलीम आलम, अरुण चिब्बर, प्रांतीय सचिव एजाज काजमी, महिला विंग की प्रांतीय अध्यक्ष पवनीत कौर, जम्मू शहरी जिला अध्यक्ष अभय बकाया, जम्मू ग्रामीण-ए के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह, जम्मू ग्रामीण-बी के अध्यक्ष पुष्प देव उप्पल, सांबा जिला अध्यक्ष रमन थापा, छात्र संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष तबलीन सिंह बोपाराय, ओबीसी विंग के अध्यक्ष भगत राम और प्रवक्ता साहिल भारती सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760346 Articles

Share this story