आरएस पुरा में अपनी पार्टी का एक दिवसीय किसान अधिवेशन आयोजित

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 23 अगस्त (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी की ओर से आरएस पुरा में एक दिवसीय अधिवेशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जम्मू-कश्मीर किसान सेल के राज्य प्रधान बद्रीनाथ शर्मा ने की। अधिवेशन में पार्टी के प्रांतीय प्रधान एवं पूर्व मंत्री सरदार मंजीत सिंह, जिला प्रधान हरप्रीत सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व मंत्री सरदार मंजीत सिंह ने जम्मू-कश्मीर में हर वर्ग की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई से आम लोग परेशान हैं। उन्होंने भाजपा की केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर में भाजपा के 29 विधायक और तीन सांसद होने के बावजूद लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने चुनावों के दौरान किए गए वादे पूरे न होने का आरोप लगाते हुए कहा कि रोजगार और लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार के दावे धरातल पर नजर नहीं आ रहे। उन्होंने सरकार से आम जनता और किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। अधिवेशन में किसानों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के साथ संगठन को मजबूत करने पर भी जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story