एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, 18 किलो पोस्ता बरामद

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 13 अप्रैल (हि.स.)। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स जम्मू ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 18 किलोग्राम पोस्ता (पॉपी स्ट्रॉ) बरामद किया है।

खुफिया सूचना के आधार पर एएनटीएफ की टीम ने आईआईएम जम्मू के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर नाका लगाकर एक एटियोस कार (जेके02 एयू-9945) को रोका। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ। आरोपी की पहचान शौकत अली निवासी भलवाल, जम्मू के रूप में हुई है, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ घाटी से लाकर जम्मू में युवाओं को बेचने की योजना बना रहा था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story