कठुआ में पंचायत मतदाता सूची 2026 का वार्षिक पुनरीक्षण शुरू, 1 अप्रैल योग्यता तिथि तय

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ में पंचायत मतदाता सूची 2026 का वार्षिक पुनरीक्षण शुरू, 1 अप्रैल योग्यता तिथि तय


कठुआ, 27 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर राज्य चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत जिला कठुआ में पंचायत मतदाता सूची 2026 के वार्षिक पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला पंचायत चुनाव अधिकारी (डीसी कठुआ) द्वारा जारी सार्वजनिक नोटिस के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 को योग्यता तिथि निर्धारित की गई है।

जारी कार्यक्रम के मुताबिक, 27 मार्च 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। इसके साथ ही दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 27 मार्च से 29 अप्रैल 2026 तक तय की गई है। इस दौरान नागरिक अपने नाम जोड़ने, हटाने, सुधार या स्थानांतरण से संबंधित आवेदन कर सकते हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए विभिन्न मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर 4, 5, 11, 12, 18, 19, 25 और 26 अप्रैल को आयोजित किए जाएंगे, जहां संबंधित अधिकारी आवश्यक फार्म और मार्गदर्शन उपलब्ध कराएंगे। प्रशासन के अनुसार, दावे और आपत्तियों का निस्तारण 8 मई 2026 तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 15 मई 2026 को प्रकाशित होगी। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने विवरण की जांच करें और आवश्यक संशोधन कराएं, ताकि पंचायत चुनावों के लिए सटीक और पारदर्शी मतदाता सूची सुनिश्चित की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story