अनंतनाग में तेज हवाओं के बीच पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल

WhatsApp Channel Join Now

अनंतनाग, 02 जून (हि.स.)।मंगलवार को अनंतनाग शहर के गंजीवारा इलाके के पास तेज हवाओं के बीच एक विशाल पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।

एक अधिकारी ने बताया कि गंजीवारा के पास तेज हवाओं के कारण एक बड़ा पेड़ उखड़ गया जिससे लाल चौक-जीएमसी अनंतनाग सड़क पर यातायात भी बाधित हो गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस और अन्य एजेंसियों ने तुरंत यातायात नियंत्रण अभियान शुरू किया और सड़क के एक तरफ यातायात बहाल कर दिया, जबकि सड़क को पूरी तरह से खोलने के प्रयास जारी थे।

अधिकारी ने बताया कि इस घटना में मोहम्मद रफीक कुजवाल और उनकी पत्नी मरीना जो बराइंगन शांगुस के निवासी हैं घायल हो गए और उन्हें तुरंत सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय (जीएमसी) अनंतनाग में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।

हालांकि मोहम्मद रफीक ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया जबकि उनकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story