रामबन में एक सड़क निर्माण परियोजना के लिए काम कर रहा एलएंडटी उत्खनन यंत्र सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिरा, ऑपरेटर की मौत

WhatsApp Channel Join Now

बनिहाल, 14 जुलाई (हि.स.)। रामबन जिले में एक सड़क निर्माण परियोजना के लिए काम कर रहे एलएंडटी के एक उत्खनन यंत्र के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिरने से एक ऑपरेटर की मौत हो गई। यह दुर्घटना चंदरकोट पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले गजपथ किला क्षेत्र में हुई।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि इस घटना की सूचना सोमवार रात लगभग 8:30 बजे मिली जिसके बाद रामबन पुलिस ने नागरिक त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) के स्वयंसेवकों की सहायता से तुरंत बचाव अभियान शुरू किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उत्खनन यंत्र खाई में लुढ़क गया जिससे ऑपरेटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त मशीन के नीचे दब गया। काफी मशक्कत के बाद बचाव दल ने जेसीबी मशीन की मदद से मलबे को उठाया और देर रात शव को बाहर निकाला।

मृतक की पहचान डोडा जिले के कहारा निवासी हुसैन खंडे के पुत्र अख्तर हुसैन के रूप में हुई है। शव को चिकित्सा-कानूनी औपचारिकताओं के लिए रामबन जिला अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के सटीक कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story