महाराजा हरि सिंह पार्क में हुई एक घटना ने माहौल बिगाड़ दिया
जम्मू, 04 मार्च (हि.स.)। होली के त्योहार पर जहां लोग रंगों में सराबोर होकर जश्न मना रहे थे वहीं महाराजा हरि सिंह पार्क में हुई एक घटना ने माहौल बिगाड़ दिया। नशे में धुत एक युवक ने एक युवती से पैसे छीनकर भागने की कोशिश की लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने पहले युवती से बहस की और फिर जबरदस्ती उसके पैसे लेने की कोशिश की। युवती के शोर मचाने पर आसपास खड़े लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया। पकड़े जाने पर युवक ने दावा किया कि वह युवती का प्रेमी है और दोनों के बीच यह आपसी मामला है। हालांकि युवती ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि युवक उसे काफी देर से परेशान कर रहा था।
घटना के समय युवा राजपूत सभा के प्रधान दिलावर सिंह मन्हास भी पार्क में मौजूद थे। उन्होंने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया और लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के कारण कुछ समय के लिए पार्क में तनाव का माहौल बन गया लेकिन स्थानीय लोगों और सभा के सदस्यों की समझदारी से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

