जीजीएम साइंस कॉलेज में मिशन युवा–उद्यम जागृति पर जागरूकता कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
जीजीएम साइंस कॉलेज में मिशन युवा–उद्यम जागृति पर जागरूकता कार्यक्रम


जम्मू, 04 फ़रवरी (हि.स.)। गवर्नमेंट गांधी मेमोरियल (जीजीएम) साइंस कॉलेज, जम्मू में “मिशन युवा–उद्यम जागृति 4.0: युवाओं की उद्यमशील क्षमता को सशक्त बनाना” विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रोमेश कुमार गुप्ता के संरक्षण में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत प्रो. मोना सेठी, संयोजक छात्र कल्याण एवं मॉनिटरिंग समिति के स्वागत भाषण से हुई जिसमें उन्होंने छात्रों को मिशन युवा के उद्देश्य और इसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी।

इस अवसर पर मिशन युवा के नोडल अधिकारी एवं गवर्नमेंट कॉलेज फॉर वूमेन, उधमपुर के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. विशाल शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने ‘उद्यम जागृति 4.0’ ढांचे पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पहल शैक्षणिक ज्ञान और औद्योगिक अनुप्रयोग के बीच की दूरी को कम करने पर केंद्रित है। उन्होंने सरकारी सहायता, डिजिटल कौशल और उद्यम से जुड़े अवसरों की जानकारी भी साझा की।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों और सेमेस्टरों के 150 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। सत्र के उपरांत प्रश्नोत्तर एवं संवाद के दौरान छात्रों ने पारंपरिक करियर विकल्पों से आगे बढ़कर उद्यमिता की दिशा में संभावनाओं पर चर्चा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंग्रेजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. वंदना खजूरिया ने की। उन्होंने अपने संबोधन में वर्तमान आर्थिक परिदृश्य में इस तरह के कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि छात्रों के लिए उद्यमिता से संबंधित प्रारंभिक जानकारी उन्हें आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी बनाने में सहायक होती है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story