जम्मू-कश्मीर सरकार ने अमरनाथ यात्रा प्रबंधन के लिए तैनात किए 63 अधिकारी

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 16 जून (हि.स.)। अमरनाथ यात्रा से पहले जम्मू-कश्मीर सरकार ने प्रबंधन और तालमेल को बेहतर बनाने के लिए अलग-अलग विभागों से 63 अधिकारियों को तैनात किया है। इन अधिकारियों को यात्रा के रास्ते पर पड़ने वाले अलग-अलग बेस और ट्रांज़िट कैंपों में कैंप डायरेक्टर और एडिशनल कैंप डायरेक्टर के तौर पर ज़िम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा और दूसरे विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अमरनाथ श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय में तय तारीखों पर रिपोर्ट करें, क्योंकि कैंप पोस्टिंग भी श्राइन बोर्ड ही तय करेगा। प्रतिनियुक्ति के दौरान अधिकारी अपने मूल विभागों से ही वेतन लेते रहेंगे और अमरनाथ यात्रा खत्म होने के बाद अपनी मूल पोस्टिंग वाली जगहों पर लौट जाएंगे। प्रतिनियुक्ति पर भेजे गए अधिकारियों में एडीसी सांबा जगदीश सिंह, सीईओ टूरिज्म डेवलपमेंट अथॉरिटी पटनीटॉप वीरेंद्र कुमार मन्याल, एडिशनल सेक्रेटरी जल शक्ति विभाग चंदर प्रकाश, एडिशनल सेक्रेटरी डीएमआरआरआर अतुल कुमार, एडिशनल सेक्रेटरी टूरिज्म विभाग विकास धर बगाती जॉइंट डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन जम्मू गुरदेव कुमार, डिप्टी सेक्रेटरी हायर एजुकेशन विभाग विकास शर्मा, रेवेन्यू अटॉर्नी विशाल सिंह परिहार और जम्मू डिवीज़न के अलग-अलग जिलों के कई ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर, चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट ऑफिसर, स्टेट टैक्स ऑफिसर और अन्य अधिकारी शामिल हैं।

सरकार ने सभी कंट्रोलिंग अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे यात्रा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिनियुक्ति पर भेजे गए अधिकारियों को समय पर रिलीव करें। यह तैनाती प्रशासन की उन तैयारियों का हिस्सा है, जिनका मकसद सालाना तीर्थयात्रा के लिए बेहतर मैनेजमेंट, तालमेल और जन-सुविधाएं सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Share this story