भारी बारिश से चिनाब नदी में जलस्तर बढ़ने पर सलाल बांध के खोले गए सभी द्वार

WhatsApp Channel Join Now

रियासी, 22 जुलाई (हि.स.)। रियासी जिले में स्थित सलाल बांध के सभी द्वार अधिकारियों ने खोल दिए हैं। जिले और इसके ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण जलाशय में पानी का प्रवाह तेजी से बढ़ गया है। लगातार बारिश से चिनाब नदी में पानी का प्रवाह जारी रहने के कारण जलाशय में बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए यह निर्णय लिया गया।

बांध से नियंत्रित जल निकासी और ऊपरी क्षेत्रों से भारी जल प्रवाह के कारण चिनाब नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है जिसके परिणामस्वरूप नदी में तेज धाराएं और उफान आ गए हैं। अधिकारियों ने नदी तट पर रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और चिनाब नदी के निकट जाने से बचने की सलाह दी है। चेतावनी दी गई है कि आगे की बारिश और जलाशय प्रबंधन की आवश्यकताओं के आधार पर जलस्तर में उतार-चढ़ाव हो सकता है। यह जल निकासी ऐसे समय में की गई है, जब मानसून की भारी बारिश ने जम्मू और कश्मीर के कई हिस्सों को प्रभावित किया है, जिससे कई जिलों में अचानक बाढ़, भूस्खलन और सड़क संपर्क बाधित हो गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story