जम्मू में अक्षय तृतीया और परशुराम जयंती श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू 19 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू शहर में रविवार को अक्षय तृतीया और भगवान परशुराम जयंती का पर्व पूरे श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली, जहां लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। अक्षय तृतीया के अवसर पर कई लोगों ने शुभ कार्यों की शुरुआत की, वहीं सोना-चांदी खरीदने की भी परंपरा निभाई गई। बाजारों में भी इस पर्व को लेकर खास रौनक देखने को मिली। दूसरी ओर भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रवचन का आयोजन हुआ।

इस अवसर पर कई स्थानों पर भंडारे और सेवा शिविर लगाए गए, जहां जरूरतमंदों को भोजन और आवश्यक सामग्री वितरित की गई। वक्ताओं ने भगवान परशुराम के आदर्शों को अपनाने और समाज में भाईचारे व सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया। पूरे जम्मू क्षेत्र में यह पर्व धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक बनकर उभरा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story