ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन ने रेलवे में 3000 से अधिक रिक्त पदों पर जताई चिंता

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 13 जून (हि.स.)।

ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन ने रेलवे में स्टेशन मास्टर्स के रिक्त पदों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। संगठन के अनुसार हालिया सर्वेक्षण में उत्तर रेलवे में 425 तथा देशभर में 3000 से अधिक स्टेशन मास्टर्स के पद रिक्त पाए गए हैं। ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन का कहना है कि पूर्व में चलाए गए अभियान के परिणामस्वरूप लगभग 6000 रिक्त पदों को भरा गया था लेकिन वर्तमान में फिर से बड़ी संख्या में पद खाली हैं। संगठन ने चेतावनी दी है कि स्टाफ की कमी के कारण स्टेशन मास्टर्स पर कार्यभार लगातार बढ़ रहा है जिससे रेलवे संचालन और सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन ने इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने, मीडिया और अन्य माध्यमों से जनजागरूकता बढ़ाने तथा रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग की है। संगठन का आरोप है कि रेलवे प्रशासन माल और यात्री यातायात बढ़ाने पर अधिक ध्यान दे रहा है जबकि बुनियादी मानव संसाधन संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story