खेती में एआई और इंसानों के तालमेल की ज़रूरत: एलजी सिन्हा

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 05 अक्टूबर (हि.स.)।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को कृषि और बागवानी में उभरती चुनौतियों, जिनमें जलवायु परिवर्तन, संसाधनों की कमी और स्थिरता शामिल हैं से निपटने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और मानवीय बुद्धिमत्ता के बीच तालमेल का आह्वान किया। शालीमार कन्वेंशन सेंटर, एसकेयूएएसटी कश्मीर में जेन-जेड खेती के लिए एआई और रोबोटिक्स विषय पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल सिन्हा ने इस बात पर जोर दिया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मानवीय बुद्धिमत्ता को मिलकर काम करना चाहिए।

उपराज्यपाल ने किसानों और समाज को लाभ पहुंचाने वाले नवाचारों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र की चुनौतियों का समाधान पुराने उपकरणों से नहीं किया जा सकता है और कम संसाधनों का उपयोग करते हुए उत्पादन बढ़ाने के लिए नई तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के साथ हम अधिक उत्पादन नहीं कर पाएंगे। हमें यह पता लगाना होगा कि हम कृषि को जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से कैसे बचा सकते हैं और कृषि एवं बागवानी को टिकाऊ कैसे बना सकते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह संगोष्ठी कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स और अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों के माध्यम से समाधान विकसित करने में सहायक होगी।

सिन्हा ने कहा कि जम्मू और कश्मीर कृषि के भविष्य पर विचार-विमर्श करने के लिए उपयुक्त स्थान है क्योंकि इस क्षेत्र में कृषि की समृद्ध परंपराएं हैं और किसानों को पीढ़ियों से कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

उपराज्यपाल ने कृषि में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला और कहा कि महिलाओं के नेतृत्व में किए गए इंजीनियरिंग नवाचारों को केवल चर्चाओं तक सीमित न रखकर व्यावहारिक समाधानों में परिणत होना चाहिए। श्रम बल के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं का एक बड़ा हिस्सा कृषि में लगा हुआ है जबकि कई महिलाएं पर्याप्त पारिश्रमिक के बिना इस क्षेत्र में योगदान दे रही हैं।

उपराज्यपाल सिन्हा ने स्मार्ट फार्मिंग, एआई और रोबोटिक्स में नवाचारों को समावेशी बनाने और छोटे और सीमांत किसानों के साथ-साथ कृषि में लगी महिलाओं की जरूरतों पर केंद्रित करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story