श्री अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर प्रशासन अलर्ट-डिवकाॅम ने लखनपुर में तैयारियों और क्षतिग्रस्त ढांचों का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
श्री अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर प्रशासन अलर्ट-डिवकाॅम ने लखनपुर में तैयारियों और क्षतिग्रस्त ढांचों का लिया जायजा


कठुआ, 14 मई (हि.स.)। श्री अमरनाथ यात्रा 2026 के शुभारंभ में अब महज 48 दिन शेष रह गए हैं, जिसके मद्देनजर कठुआ जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जम्मू-कश्मीर के मुख्य प्रवेश द्वार लखनपुर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य जारी है।

इसी क्रम में वीरवार को जम्मू के डिविजनल कमिश्नर रमेश कुमार ने कठुआ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लखनपुर का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ से क्षतिग्रस्त पुल के निर्माण कार्य की समीक्षा की और प्रभावित इमारतों का निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। दौरे के दौरान उनके साथ डीसी कठुआ राजेश शर्मा, एसएसपी कठुआ मोहित शर्मा तथा बिक्री कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर जोगिंदर जसरोटिया भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उस स्थल का भी निरीक्षण किया जहां अमरनाथ यात्रियों के लिए रिसेप्शन काउंटर स्थापित किया जाता है।

डिवकाॅम ने बताया कि लखनपुर में यात्रियों के स्वागत हेतु आधुनिक स्वागत केंद्र और कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए शौचालय, स्वच्छ पेयजल, मेडिकल सेवाएं, ट्रैफिक एवं पुलिस सहायता सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि हाईवे पर विशेष पेट्रोलिंग टीमें तैनात रहेंगी, जो 24 घंटे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी। आपात स्थिति में यात्रा रोकने की स्थिति में श्रद्धालुओं के ठहराव के लिए चयनित भवनों में भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन द्वारा यात्रियों के पंजीकरण, आरएफआईडी कार्ड वितरण और यात्रा प्रबंधन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। बिजली, पानी, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई। इसके उपरांत डिविजनल कमिश्नर ने पैदल लखनपुर कॉरिडोर से टोल प्लाजा यार्ड तक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई 2026 से शुरू होकर 28 अगस्त 2026 (रक्षाबंधन) तक कुल 57 दिनों तक चलेगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और यात्रा सुचारू एवं सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story