मौसम विभाग के अनुसार,  26 फरवरी तक मौसम शुष्क और साफ बना रहेगा

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 20 फ़रवरी (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ और स्थिर बना हुआ है जिसके कारण दिन के तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। लोगों को अब गर्मी का साफ एहसास हो रहा है खासकर दिन के समय जबकि रात और सुबह के समय अभी भी ठंडक बनी हुई है।

मौसम विभाग (आईंएमडी) के अनुसार श्रीनगर में अधिकतम तापमान सामान्य से 8-9 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर पहुंच गया है जहां हाल ही में 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से लगभग 9-10 डिग्री अधिक है। वहीं जम्मू में अधिकतम तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री ऊपर है जहां 25-27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। इस बढ़ोतरी से घाटी में 'फरवरी में वसंत' जैसा माहौल बन गया है लेकिन रात के समय न्यूनतम तापमान अभी भी कम रहता है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों (कम से कम 26 फरवरी तक) मुख्य रूप से शुष्क और साफ मौसम बना रहेगा जिससे दिन का तापमान और बढ़ सकता है। हालांकि 27-28 फरवरी को श्रीनगर और कुछ पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है। ऊंचे ढलानों वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

किसानों के लिए अच्छी खबर है कि मौसम सामान्य और स्थिर होने से कृषि गतिविधियां जैसे गेहूं, सरसों आदि की देखभाल जारी रखी जा सकती है। विभाग ने सिंचाई पर ध्यान देने की सलाह दी है क्योंकि तापमान बढ़ने से नमी की कमी हो सकती है। कुल मिलाकर फिलहाल जम्मू-कश्मीर में सर्दी कमजोर पड़ रही है और गर्मी का अहसास बढ़ रहा है लेकिन अंतिम सप्ताह में हल्का मौसम परिवर्तन संभव है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / SONIA LALOTRA

Share this story