मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार, 6 मार्च तक जम्मू-कश्मीर में मौसम सामान्य बना रहेगा

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 05 मार्च (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर में वीरवार को मौसम साफ रहा जिससे लोगों को खुली धूप का आनंद मिला। मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार 6 मार्च तक जम्मू-कश्मीर में मौसम सामान्य बना रहेगा और मुख्य रूप से साफ रहेगा। हालांकि 9 मार्च तक मौसम में करवट बदलने की संभावना है। इस दौरान कश्मीर के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है जबकि मैदानी इलाकों में भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश की उम्मीद जताई गई है। यह बदलाव एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जुड़ा है।

वर्तमान में जम्मू का अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। वहीं श्रीनगर में अधिकतम तापमान 20-21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3-4 डिग्री सेल्सियस के बीच है। पिछले वर्ष की तुलना में जम्मू का अधिकतम तापमान 6 डिग्री और श्रीनगर का 7-8 डिग्री अधिक चल रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है जिससे गर्मी का अहसास और बढ़ सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

Share this story