विकास कार्यों में तेजी लाएं, दो सप्ताह में टेंडिरिंग पूरी करें-डॉ. भारत भूषण

WhatsApp Channel Join Now
विकास कार्यों में तेजी लाएं, दो सप्ताह में टेंडिरिंग पूरी करें-डॉ. भारत भूषण


कठुआ, 12 सितंबर (हि.स.)। विधायक कठुआ डॉ. भारत भूषण ने शनिवार को अधिकारियों के साथ दिनभर चली समीक्षा बैठक में विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास योजनाओं के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में एडीडीसी, एसीडी, एसी पंचायत, पीडब्ल्यूडी आरएंडबी के एक्सईएन, पीएमजीएसवाई के एक्सईएन, बीडीओ, सीईओ नगर परिषद सहित विभिन्न विभागों के एईई, जेई और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। डॉ. भारत भूषण ने पीडब्ल्यूडी के तहत चल रही योजनाओं की कार्यवार समीक्षा की। इसमें सिटी एंड टाउन, एसएएससीआई, यूटी कैपेक्स, जिला कैपेक्स, ट्राइबल प्लान, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, विधायक सीडीएफ और एसएसवाई के तहत चल रहे कार्य शामिल रहे। उन्होंने एसएएससीआई सहित अन्य योजनाओं के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान विधायक ने अधिकारियों को अगले दो सप्ताह के भीतर टेंडरिंग और कार्य आवंटन की प्रक्रिया पूरी करने को कहा ताकि विभिन्न योजनाओं के कार्य जल्द जमीन पर शुरू हो सकें। उन्होंने सहायक आयुक्त पंचायतों को सभी सामुदायिक स्वच्छता परिसरों का निर्माण निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश भी दिए।

पीएमजीएसवाई और ग्राउंड वाटर ड्रिलिंग डिवीजन जम्मू के कार्यों की समीक्षा करते हुए डॉ. भारत भूषण ने आवंटित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में बताया गया कि विधायक सीडीएफ के तहत 50 बोरवेल चालू किए जा चुके हैं जिससे विधानसभा क्षेत्र के करीब 50 स्थानों पर लोगों को पेयजल उपलब्ध हुआ है। वहीं आने वाले महीनों में 20 और बोरवेल चालू किए जाने हैं जिससे पेयजल आपूर्ति को और मजबूत किया जाएगा।

विधायक ने अधिकारियों से समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने सभी कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story