एसीबी की बड़ी कार्रवाई-पंचायत सचिव 5 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
जम्मू, 09 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुलगाम के देवसर ब्लॉक में तैनात पंचायत सचिव शेख जादा इरफान को 5000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
एसीबी को शिकायत मिली थी कि आरोपी मनरेगा कार्यों के मजदूरी बिल पास करने के एवज में 10,000 की रिश्वत मांग रहा था, जिसे बाद में ₹5000 पर तय किया गया। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए एसीबी से संपर्क किया। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी अनंतनाग थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर ट्रैप टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया और मौके से राशि भी बरामद की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के घर की तलाशी भी कार्यपालक मजिस्ट्रेट और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ली गई। मामले की आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

