लाखों रुपये के सरकारी राशन गबन मामले में तत्कालीन टीएसओ और 13 सरकारी राशन डीलरों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

WhatsApp Channel Join Now

राजौरी, 17 नवंबर (हि.स.)। एसीबी ने राजौरी जिले में लाखों रुपये के सरकारी राशन के गबन के मामले में तत्कालीन टीएसओ अब्दुल मजीद, तत्कालीन स्टोरकीपर मोहम्मद असलम और 13 सरकारी राशन डीलरों-सेल्समैन के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।

एसीबी जम्मू कश्मीर ने एफआईआर नंबर 32/2018 के तहत चार्जशीट दाखिल की है। यह मामला जम्मू कश्मीर पीसी एक्ट (संवत 2006) की धारा 5(1)(सी), (डी) और 5(2), तथा आरपीसी की धारा 409 और 120-बी के अंतर्गत दर्ज किया गया है। इसमें अब्दुल मजीद पुत्र जलाल दीन निवासी जवाहर नगर, राजौरी तत्कालीन तहसील आपूर्ति अधिकारी, राजौरी अब सेवानिवृत्त, मोहम्मद असलम (गुलाम हुसैन के बेटे, निवासी हुब्बी कोटरांका, राजौरी तत्कालीन स्टोरकीपर, सरकारी मुख्य खाद्य भंडार, राजौरी, अब सेवानिवृत्त, और 13 सरकारी राशन डीलर/सेल्समैन आरोपित हैं।

यह मामला 28-09-2018 को को एसीबी पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था। यह कार्रवाई एक जांच (जेएससी) के नतीजों के आधार पर की गई जिसमें राजौरी जिले के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा एपीएल/बीपीएल/एएआई श्रेणियों के लिए आवंटित लाखों रुपये के सरकारी राशन के गबन के आरोपों की जांच की गई थी। इसमें संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों ने स्थानीय डीलरों और अनाज ढोने वाले ट्रांसपोर्टरों के साथ मिलीभगत करके लाखों रुपये का गबन किया। इस वजह से सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा और समाज के गरीब व कमजोर वर्गों को सरकार द्वारा दी जाने वाली सब्सिडी का लाभ नहीं मिल सका।

नवंबर 2017 में विजिलेंस संगठन (अब एसीबी) द्वारा राजौरी में विभाग के मुख्य स्टोर और अन्य जगहों पर की गई संयुक्त औचक जांच के दौरान यह सामने आया कि उस समय राजौरी के टीएसओ अब्दुल मजीद और विभाग के राजौरी मुख्य स्टोर के स्टोरकीपर मोहम्मद असलम ने अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग किया। उन्होंने विभाग के सरकारी सेल्समैनों और कुछ निजी राशन डीलरों के साथ मिलीभगत करके, सरकार द्वारा सब्सिडी वाले राशन का गबन किया या उसका गलत इस्तेमाल किया जिससे सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा।

जांच के दौरान संबंधित रिकॉर्ड हासिल किए गए और उनकी बारीकी से जांच की गई। एफएसएल और विभाग की राय लेने के बाद प्रथम दृष्टया यह साबित हो गया है कि अब्दुल मजीद (जो उस समय राजौरी तहसील और जिले में तहसील आपूर्ति अधिकारी थे और अब रिटायर हो चुके हैं), मोहम्मद असलम (जो उस समय राजौरी में सरकारी मुख्य खाद्य स्टोर के स्टोरकीपर थे) और राजौरी जिले के 13 सरकारी राशन डीलरों/सेल्समैनों ने अपने पदों का दुरुपयोग किया। इन सभी ने मिलकर एक सोची-समझी साजिश रची और राजौरी के सरकारी मुख्य खाद्य स्टोर से सब्सिडी वाले राशन का गबन किया।

इसके अलावा उन्होंने इस तरह गबन किए गए राशन के लिए ढुलाई कमीशन, लोडिंग और अनलोडिंग शुल्क के नाम पर फर्जी तरीके से सरकारी फंड भी निकाल लिया। इस पूरी घटना से सरकारी खजाने को 50 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778673 Articles

Share this story