एसीबी का भ्रष्टाचार पर शिकंजा, तीन अधिकारियों-कर्मचारियों पर एफआईआर

WhatsApp Channel Join Now
एसीबी का भ्रष्टाचार पर शिकंजा, तीन अधिकारियों-कर्मचारियों पर एफआईआर


जम्मू, 17 सितंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर एंटी करप्शन ब्यूरो ने गुरुवार को परिवहन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज तथा उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण विभाग से जुड़े मामलों में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। इनमें आय से अधिक संपत्ति, पद के दुरुपयोग और सरकारी खाद्यान्न के कथित दुरुपयोग के मामले शामिल हैं।

पहले मामले में एसीबी जम्मू ने मोटर व्हीकल विभाग के कर्मचारी अश्वनी कुमार निवासी विनायक नगर मुट्ठी जम्मू के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में एफआईआर नंबर 06/2026 दर्ज की। सत्यापन में उसके नाम और परिवार के सदस्यों के नाम पर दुकानों, प्लॉट, फ्लैट और महंगे वाहनों समेत कई संपत्तियां सामने आने का दावा किया गया है। अदालत से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद उसके आवास पर तलाशी भी ली गई।

दूसरे मामले में एसीबी बारामूला ने तत्कालीन बीडीओ सिंहपोरा/पट्टन शीबा इनायत जेकेएएस के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में एफआईआर नंबर 03/2026 दर्ज की। एसीबी के अनुसार जांच में बैंक बैलेंस, एफडीआर, एलआईसी पॉलिसियों, आभूषणों तथा बारामूला, गुलमर्ग, क्रीरी और जम्मू के चैवाडी में अचल संपत्तियों सहित पांच मंजिला व्यावसायिक परिसर का पता चला। उनके आवास और कार्यालय में तलाशी के दौरान दस्तावेज व अन्य सामग्री जब्त किए जाने की जानकारी दी गई है।

तीसरे मामले में शीबा इनायत जेकेएएस तत्कालीन सहायक निदेशक सीएंडपीडी बारामूला तथा तत्कालीन सेल्समैन मोहम्मद शफी राथर उर्फ कंदामान और अन्य के खिलाफ सरकारी खाद्यान्न के कथित दुरुपयोग व रिकॉर्ड में हेरफेर के आरोप में एफआईआर नंबर 04/2026 दर्ज की गई। एसीबी के अनुसार जून 2013 से जून 2015 के बीच खाद्यान्न के कथित अनधिकृत डायवर्जन, रिकॉर्ड में विसंगतियों और सरकारी राजस्व की कमी से 2.61 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का मामला सामने आया। मामले में संबंधित आवासीय व कार्यालय परिसरों की तलाशी लेकर दस्तावेज एवं अन्य सामग्री जब्त की गई है। तीनों मामलों में जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story