जम्मू में 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते जूनियर असिस्टेंट गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 02 सितंबर (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर एंटी करप्शन ब्यूरो ने जम्मू में रिश्वत लेने के आरोप में असिस्टेंट कमिश्नर (जनरल), जम्मू के कार्यालय में तैनात एक जूनियर असिस्टेंट को गिरफ्तार किया है।

एंटी करप्शन ब्यूरो के अनुसार आरोपी की पहचान गंगो चक, गजांसू निवासी अजय कुमार के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि मैरिज सर्टिफिकेट जारी करने के लिए आरोपी ने 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी, बाद में बातचीत के बाद 15 हजार रुपये लेने पर सहमति बनी। रिश्वत देने के इच्छुक नहीं होने पर शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया। प्रारंभिक सत्यापन में मामला सही पाए जाने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो सेंट्रल जम्मू-कश्मीर जम्मू थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत एफआईआर नंबर 11/2026 दर्ज की गई। इसके बाद गठित ट्रैप टीम ने आरोपी को 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

एंटी करप्शन ब्यूरो के अनुसार रिश्वत की रकम स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के कब्जे से बरामद की गई और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में कार्यकारी मजिस्ट्रेट और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के आवास की तलाशी भी ली गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story