डोडा में एबीवीपी का ‘यशस्विनी’ युवती सम्मेलन आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
डोडा में एबीवीपी का ‘यशस्विनी’ युवती सम्मेलन आयोजित


जम्मू, 11 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की डोडा इकाई की ओर से रविवार को कम्युनिटी हॉल डोडा में ‘यशस्विनी’ युवती सम्मेलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सशक्तीकरण, युवतियों की नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना और शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करना था। इस दौरान विद्यार्थियों को पदक, प्रमाणपत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में डोडा की पूर्व एएनएमटी प्रिंसिपल अनुसूया भान मुख्य अतिथि रहीं जबकि केंद्रीय विद्यालय जोधपुर की वरिष्ठ शिक्षिका शोभा देवी और नॉलेज प्लांट इंस्टीट्यूशन डोडा की संस्थापक एवं शिक्षाविद् दीपिका राणा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

वक्ताओं ने महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समाज में महिलाओं की भूमिका पर विचार रखे। अनुसूया भान ने सामाजिक बदलाव में ‘पंच परिवर्तन’ की अवधारणा के महत्व पर प्रकाश डाला। दीपिका राणा ने युवतियों को आत्मविश्वास के साथ चुनौतियों का सामना करने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। शोभा देवी ने पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त परिसर और जीवन में दबाव का सामना करने के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया।

समारोह का मुख्य आकर्षण सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान रहा। प्रत्येक भाग लेने वाले स्कूल के शीर्ष तीन विद्यार्थियों को पदक और प्रमाणपत्र दिए गए। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को भी पुरस्कृत किया गया। प्रथम पुरस्कार के रूप में एंड्रॉयड टैबलेट और दूसरे पुरस्कार के रूप में साइकिल प्रदान की गई जबकि तीसरा पुरस्कार प्रिया और विक्की कुमार को संयुक्त रूप से दिया गया।

कार्यक्रम में एबीवीपी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुमित कोतवाल, डोडा विभाग संगठन मंत्री संदीप चरक, जिला प्रमुख मनजीत भगत, नगर सचिव गौरव शर्मा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

समापन संबोधन में अंशुल राणा ने महिला सशक्तीकरण, विद्यार्थियों की उपलब्धियों और युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध कराने में समाज की सामूहिक जिम्मेदारी को रेखांकित किया। सम्मेलन का समापन शिक्षा, नेतृत्व, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में युवतियों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के संकल्प के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story