कारगिल विजय दिवस पर एबीवीपी ने निकाली 100 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
कारगिल विजय दिवस पर एबीवीपी ने निकाली 100 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा, शहीदों को दी श्रद्धांजलि


जम्मू, 26 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जम्मू महानगर ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कारगिल युद्ध के शहीदों की स्मृति में 100 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। यात्रा की शुरुआत विद्यार्थी भवन, करन नगर से हुई जो कच्ची छावनी मार्ग से होकर पुनः विद्यार्थी भवन पहुंची जहां अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों और युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति से जुड़े नारे लगाए तथा कारगिल युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों के साहस और राष्ट्रभक्ति को नमन किया। संगठन केन पद अधिकारों ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना की वीरता, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक है तथा यह दिवस देश के वीर सैनिकों के बलिदान की याद दिलाता है।

सभा को संबोधित करते हुए एबीवीपी जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख के प्रदेश सचिव सनक श्रीवास्तव ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सशस्त्र बलों के साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा की अमर गाथा है। उन्होंने युवाओं से 'राष्ट्र प्रथम' की भावना को अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सेवा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि देशभर में तिरंगा यात्राओं में युवाओं की भागीदारी राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। जम्मू महानगर मंत्री जानवी डोगरा ने कहा कि कारगिल के अमर वीरों का बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर एबीवीपी ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि विद्यार्थियों के मुद्दों का समाधान लोकतांत्रिक और रचनात्मक तरीके से होना चाहिए। संगठन ने यह भी कहा कि छात्र आंदोलनों का उपयोग किसी राष्ट्रविरोधी एजेंडे के लिए नहीं किया जाना चाहिए तथा भारतीय सेना के सम्मान से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों और युवाओं ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित रहने तथा कारगिल के वीर शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story